नैनीताल में शुरू होगा कैंसर के खिलाफ अभियान
हल्द्वानी।
आशा फाउंडेशन की ओर से पिंक कार्यक्रम के तहत नैनीताल जिले में कैंसर के खिलाफ अभियान शुरु किया जाएगा। इस बीच विभिन्न स्थानों पर डॉक्टरों की एक्सपर्ट टीमें जांच के बाद परामर्श देंगे।
आशा फाउंडेशन की अध्यक्ष आशा शर्मा ने शुक्रवार को नैनीताल में पत्रकार वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने कहा, कि फाउंडेशन की ओर से बीते कई वर्षों से पिंक अभियान के तहत कैंसर के खिलाफ जंग शुरू की गई है। इसके तहत नैनीताल के विभिन्न हिस्सों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। इस बीच अमेरिका से वरिष्ठ डॉ. लोपामुद्रा दास रॉय नैनीताल पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को अम्रपाली हल्द्वानी, 30 नवंबर को डीएसबी कॉलेज नैनीताल व राज्य अतिथि गृह थैले हॉल, 1 दिसंबर को ग्रामीण क्षेत्र जलाल गांव समेत अन्य हिस्सों में शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 2 दिसंबर को एरीज नैनीताल में जांचें की जाएंगी। इस दौरान कैंसर से प्रभावित लोगों को चिन्हित कर उनके उपचार के लिए कार्य योजनाएं तैयार की जाएंगे। शर्मा ने बताया, कि वर्तमान में ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित कई महिलाओं को संस्था की ओर से निशुल्क उपचार दिया जा रहा है। इसके अलावा संस्था की ओर से दिल्ली में चित्रों की प्रदर्शनी लगाई गई है, जिससे होने वाली आमदनी को कैंसर के खिलाफ लड़ाई में खर्च किया जाएगा। यही नहीं नैनीताल जिले के दो गांव गोद लेने की भी मुहिम शुरू की गई है। खुरपाताल क्षेत्र में दो गांव गोद लिए जाएंगे। जहां बच्चों व युवाओं की एजुकेशन समेत महिलाओं व बुजुर्गों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इस मौके पर नीलू एल्हेंस, ईशा साह, मुन्नी तिवारी, डॉ. गीतिका गंगोला आदि रहे।
