ब्लॉक स्तरीय खेल महाकुंभ का किया समापन
रुड़की।
लक्सर स्थित केवी इंटर कॉलेज में चल रहा पांच दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल महाकुंभ का शुक्रवार को समाप्त हो गया। पांचवें दिन प्रतियोगिताओं में पहले स्थान पाने वाले खिलाड़ियों और टीमों के नाम की घोषणा की गई। ये खिलाड़ी और टीम अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लक्सर ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
लक्सर की सभी आठ न्याय पचायतों में खेल महाकुंभ पहले ही समाप्त हो चुके हैं। इसके बाद आठ नवंबर से केवी इंटर कॉलेज के मैदान में ब्लॉक स्तरीय खेल हाकुंभ शुरू किया गया था। न्याय पंचायत से जीतकर आए खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे थे। शुक्रवार को पांचवें दिन महाकुंभ का समापन किया गया। समापन के अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार ने प्रतियोगिताओं में अव्वल आने वाले खिलाड़ियों और टीमों के नाम की घोषणा की। बाद में कॉलेज के प्रधानाचार्य पीएस लोहिया ने प्रतियोगिताओं में पहला, दूसरा व तीसरा स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र, मेडल व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलों से हमें निरंतर बेहतर करके आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा मिलती है। हमारे युवा व किशोर अगर खेलों में मन लगाएं तो समाज में फैल रही नशे की लत पर भी अंकुश लगाना संभव है। जिले से आए व्यायाम शिक्षक मुकेश भट्ट ने बताया कि ये खिलाड़ी और टीमें अब जिला स्तर पर होने वाले खेल महाकुंभ में लक्सर ब्लॉक की तरफ से खेलेंगे। आयोजन में संत कुमार, अभिषेक चौधरी, अरुण खरे, जसवीर सिंह, अंकिता, गोपाल भट्टाचार्य, चंद्रमोहन बिष्ट ने सहयोग दिया।
