महिलाओं ने स्वयं अतिक्रमण हटाया


चमोली। दशोली विकास खंड का कौंथ पोथनी गांव इन दिनों आपदा की मार झेल रहा है। गांव के चारों ओर से भूस्खलन और भूधंसाव हो रहा है। पैदल रास्ते और सड़कों का नामोनिशान मिट गया है। महिलाओं को चारापत्ती लेने के लिए भी भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों की अतिक्रमण की शिकायत पर कुछ दिनों पूर्व गांव में तहसील और वन विभाग की टीम पहुंची थी। टीम ने अतिक्रमण करने वालों को तीन दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। लेकिन तीन दिन गुजर जाने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटा। तब महिलाओं ने बैठक करके खुद ही अतिक्रमण हटाने का फैसला लिया। रविवार को महिला मंगल दल अध्यक्ष दीपा देवी और सरपंच सरिता देवी के नेतृत्व में सुरेशी देवी, आशा कठैत, पुष्पा, मीरा, उर्मिला, सोनिया, मंजू, माहेश्वरी देवी, सरोज, कविता देवी ने अतिक्रमण हटाकर अपनी वन पंचायत की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर दिया। महिलाओं ने वहां से हरी घास भी निकाली। और साफ तौर पर कहा कि यदि फिर अतिक्रमण हुआ तो फिर से सभी समूह बनाकर अतिक्रमण को हटा देंगी। वन विभाग के अधिकारियों ने भी महिलाओं के साहस की प्रशंसा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *