दुकानों को हटाने को लेकर जिला प्रशासन और दुकान स्वामियों के बीच हुई तीखी नोकझोंक


पौड़ी। पौड़ी-श्रीनगर हाईवे पर उद्यान विभाग के पास स्थित नगरपालिका द्वारा बसाई गई दुकानों को हटाने को लेकर जिला प्रशासन और दुकान स्वामियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। इस दौरान युवा कांग्रेसियों ने भी मौके पर पहुंचकर प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए नारेबाजी की। जिला प्रशासन के मुताबिक यह दुकानें एनएच पर अतिक्रमण कर बनाई गई है। कोर्ट के आदेश के बाद इन दुकानों को हटाया जा रहा है। दुकानें खाली करने के लिए दो दिन का समय मिलने के बाद हंगामा शांत हुआ।
सोमवार को जिला प्रशासन की टीम सुबह 11 बजे जेसीबी लेकर इन दुकानों को लेकर पहुंची। इस दौरान दुकान स्वामी जेसीबी के आगे खड़े हो गए। इस दौरान उनकी टीम के साथ जमकर नोकझोंक शुरू हो गई। दुकान स्वामियों का आरोप था कि सांसद गढ़वाल ने पिछले दिनों उनको दूसरी जगह पर दुकान देने का आश्वासन दिया था लेकिन अब जिला प्रशासन इस बात से साफ इंकार कर रहा है और सांसद द्वारा दिए गए आश्वासन का लिखित आदेश मांग रहा है। आरोप लगाया कि शहर में नगरपालिका व जिला प्रशासन द्वारा कई स्थानों पर खुद ही अतिक्रमण करवाया गया है लेकिन सिर्फ उनकी दुकानों को ही हटवाया जा रहा है। यहां पर हंगामे की सूचना मिलते ही युवा कांग्रेस के सदस्य भी यहां पहुंच गए। युवा कांग्रेस ने भी जिला प्रशासन की कार्रवाई को गलत बताया। वहीं, मौके पर पहुचे व्यापार सभा के अध्यक्ष हेमेंद्र नेगी ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा दुकानस्वामियों को दो दिन में दुकाने खाली करने का नोटिस दिया गया है। साथ ही इनको दूसरे स्थानों पर दुकाने देने का भी आश्वासन दिया गया है। इस मौके पर एसडीएम अबरार अहमद, ईओ नगरपालिका गौरव भसीन आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *