प्रेसिडेंट्स कप में भारत ने स्वर्ण और रजत के साथ समाप्त किया अभियान
व्रोकला।
भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने आईएसएसएफ प्रेसिडेंट्स कप के आखिरी दिन तुर्की के अपने साथी ओजगुर वर्लिक के साथ 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल मिश्रित टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने के साथ अपना अभियान समाप्त किया।
मनु और ओजगुर की जोड़ी ने फाइनल में चीन की जिओ जियारुइक्सियन और एस्टोनिया के पीटर ओलेस्क को 9-7 से हरा कर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि फ्रांस के क्लेमेंट बेसागुएट (फ्रांस) और उनकी साथी जर्मनी की डोरेन वेनेकैंप ने कांस्य पदक जीता।
इससे पहले अनुभवी भारतीय निशानेबाज राही सरनोबत ने पिछली दो श्रृंखलाओं के दौरान पिस्टल में खराबी के कारण कुछ महत्वपूर्ण शॉर्ट्स से चूकने के बावजूद 25 मीटर महिला पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि इस इवेंट में उनकी हमवतन मनु भाकर छठे स्थान पर रहीं। इसी के साथ भारत ने प्रेसिडेंट्स कप 2021 में कुल पांच पदकों (दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य) के साथ अभियान समाप्त किया।
फाइनल में जाते-जाते मनु और राही योग्यता चरण में 583 के समान स्कोर के साथ क्रमश: दूसरे और चौथे स्थान पर रहीं। मनु ने इससे पहले बीते शनिवार को अपने साथी ईरान के जवाद फोरोफी के साथ टूर्नामेंट में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम इवेंट में स्वर्ण पदक भी जीता था, जबकि सौरभ चौधरी और अभिषेक वर्मा ने 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष इवेंट में क्रमश: रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए थे।
