हीरो आई लीग क्वालिफायर्स 2021 चार अक्टूबर से

कोलकाता ।

मदन महाराज एफसी और हैदर्या स्पोर्ट्स कश्मीर एफसी के बीच बेंगलुरु फुटबॉल स्टेडियम में मुकाबले के साथ आगामी चार अक्टूबर से हीरो आई लीग क्वालिफायर्स 2021 टूर्नामेंट का आगाज होगा। फाइनल मुकाबला 23 को खेला जाएगा।

अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी कर दिया है। 10 टीमें टूर्नामेंट में भाग लेंगी, जिन्हें दो समूहों में विभाजित किया गया है। टूर्नामेंट का पहला मैच पहली बार खेल रहे मदन महाराज एफसी और हैदर्या स्पोर्ट्स कश्मीर एफसी के बीच होगा जो समूह ए में हैं। ग्रुप बी के मुकाबले एक दिन बाद यानी पांच अक्टूबर से शुरू होंगे जब केरल यूनाइटेड एफसी बेंगलुरु फुटबॉल स्टेडियम में केनक्रे स्पोर्ट्स से भिड़ेगा।

टूर्नामेंट प्रारूप के अनुसार ग्रुप चरण में हर दिन दो मैच खेले जाएंगे। पहला दोपहर 12.30 बजे, जबकि दूसरा दोपहर 3.45 बजे खेला जाएगा। 20 दिनों में कुल 26 मैच खेले जाएंगे, जिनमें से 20 ग्रुप चरण के मैच होंगे, जबकि छह मैच फाइनल राउंड में खेले जाएंगे। दोनों समूहों की शीर्ष टीमें अंतिम दौर में आगे बढ़ेंगी, जहां वे एक बार राउंड-रॉबिन प्रारूप में एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। 26 मैचों की समाप्ति के बाद शीर्ष पर रहने वाली टीम को हीरो आई लीग 2021-22 सीजन में प्रमोशन मिलेगा।

ग्रुप ए, ग्रुप बी और फाइनल राउंड के अंतिम मैच के दिनों के लिए अभी स्थान और समय तय किया जाना है।

ग्रुप ए की टीमें : राजस्थान यूनाइटेड एफसी, हैदर्या स्पोर्ट्स कश्मीर एफसी, रिन्तिह एससी, मदन महाराज एफसी, एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड।

ग्रुप बी की टीमें : कॉर्बेट एफसी, केनक्रे स्पोर्ट्स, एआरए एफसी, केरल यूनाइटेड एफसी, दिल्ली एफसी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *