न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम में चार अनकैप्ड खिलाड़ी
कराची ।
पाकिस्तान ने आगामी 17 सितंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज के लिए 20 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है, जिसमें चार अनकैप्ड खिलाडिय़ों को चुना गया है।
चार अनकैप्ड खिलाडिय़ों में विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद हैरिस, तेज गेंदबाज मोहम्मद वसीम, शाहनवाज दहानी और लेग स्पिनर जाहिद महमूद शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने तीन नवंबर 2020 को जिम्बाब्वे के खिलाफ एकदिवसीय मैच खेलने वाले इफ्तिखार अहमद और खुशदिल शाह को भी टीम में वापस बुलाया है।
उल्लेखनीय है कि 2021 सीजन में लिस्ट ए और टी-20 में पदार्पण करने वाले 23 वर्षीय दहानी पीएसएल (पाकिस्तान सुपर लीग) 2021 में 17 की औसत के साथ सर्वाधिक 20 विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। इसी तरह महमूद पाकिस्तान कप में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। उन्होंने इस घरेलू एक दिवसीय टूर्नामेंट में 24.89 की औसत से 19 विकेट चटकाए थे। वहीं 20 वर्षीय मोहम्मद वसीम ने जुलाई में वेस्ट इंडीज के खिलाफ अपना टी-20 पदार्पण करते हुए चार मैचों की इस श्रृंखला के दौरान अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था।
पाकिस्तान के मुख्य चयनकर्ता मुहम्मद वसीम ने बुधवार को एक बयान में कहा, शाहनवाज दहानी इंग्लैंड सीरीज के लिए चयन से चूक गए थे, क्योंकि पीएसएल छह के शेष 20 मैचों की शुरुआत से पहले टीम की घोषणा की गई थी, इसलिए जब हम चर्चा करने और न्यूजीलैंड श्रृंखला के लिए टीम को अंतिम रूप देने के लिए बैठे थे तो उनका सीधा चयन था। हमने मोहम्मद वसीम को भी लगातार मौका दिया है, जिन्होंने वेस्ट इंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में सभी को प्रभावित किया था।
