अहिका और साथियान अगले दौर में, मनिका और शरत हारे

ह्यूस्टन ।
अमेरिका के ह्यूस्टन में शुरू हुई आईटीटीएफ विश्व टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2021 के फाइनल में भारत की मिलीजुली शुरुआत रही। पहले दिन जहां अहिका मुखर्जी और जी साथियान ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हरा कर 64वें दौर में प्रवेश किया, वहीं मनिका बत्रा और शरत कमल अपने-अपने मैच हार गए।
अहिका ने मिस्र की फराह अब्देल अजीज पर 4-2 (11-7, 14-16, 8-11, 11-6, 11-9, 11-6) से आसान जीत दर्ज की और महिला एकल के 64वें राउंड में अपना स्थान सुनिश्चित किया। उनका अगला मुकाबला जापान की हिना हयाता से होगा। वहीं पुरुष एकल में जूनियर विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता साथियान ने 128वें राउंड में यूक्रेन के यारोस्लाव जमुदेंको को सीधे सेटों में 4-0 (11-2,11-9,11-4, 11-3) से हराया। प्रभावशाली जीत के बाद अब 64वें राउंड में उनका सामना रूस के व्लादिमीर सेदोरेंको से होगा।
इस बीच 30वें रैंक वाले अनुभवी भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी शरत कमल को बेल्जियम के निचले रैंक के खिलाड़ी सेड्रिक नुयटिंक से 1-4 (11-9, 5-11,6-11, 7-11, 9-11) से बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता एवं स्टार भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा महिला एकल के शुरुआती दौर के मैच में कड़े संघर्ष के बावजूद ब्राजील की अपनी प्रतिद्वंद्वी ब्रूना ताकाहाशी को हराने में नाकाम रहीं। उन्हें 3-4, (11-5, 15-13, 8-11, 4-11,6-11, 11-4, 7-11) से हार का सामना करना पड़ा। मनिका हालांकि अपनी जोड़ीदार अर्चना कामथ के साथ महिला युगल स्पर्धा में भाग लेंगी, जहां उन्हें पहले दौर में बाई मिली थी। वे राउंड ऑफ 32 में प्रतिस्पर्धा करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *