सीएम ने नैन्सी को दिया 21 हजार का नगद पुरस्कार
लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सिटी मान्टेसरी स्कूल की छात्रा कुमारी नैन्सी को इक्कीस हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कानपुर रोड कैम्पस की छात्रा नैन्सी को यह पुरस्कार अन्तर विद्यालय निबन्ध व लेखन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया। यह जानकारी स्कूल के मुख्य जन सम्पर्क अधिकारी हरिओम शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि सीएम ने विधान में आयोजित समारोह के दौरान नैन्सी को प्रशस्ति पत्र और 21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर प्रदेश के कानून मंत्री बृजेश पाठक, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, स्कूल के संस्थापक डा. जगदीश गांधी और डा. भारती गांधी, कानपुर रोड कैम्पस की प्रधानाचार्या डा. विनीता कामरान समेत कई गणमान्य हस्तियों ने उपस्थित होकर नैन्सी को अपना आशीर्वाद दिया।
