झीरम घाटी मामले की जांच की रिपोर्ट राज्यपाल को सौंपे जाने पर कांग्रेस ने उठाये सवाल
रायपुर।
छत्तीसगढ़ की झीरम घाटी हमले की जांच रिपोर्ट न्यायिक आयोग द्वारा राज्यपाल को सौंपे जाने पर कांग्रेस ने सवाल उठाना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम इस मामले में आज शाम को राजीव भवन में प्रेस कांफ्रेंस भी लेंगे।
ज्ञात हो कि न्यायिक जांच आयोग ने झीरम मामले की रिपोर्ट राज्य सरकार के हवाले करने के बजाय उसे राज्यपाल अनुसुईया उइके को सौंप दिया हैं। कांग्रेस इस पर आपत्ति दर्ज करते हुए इसे मान्य प्रक्रिया के विपरीत बताया है।
बता दें कि झीरम घाटी हमले की जांच न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित न्यायिक जांच आयोग कर रहा था, जिसने शनिवार शाम राज्यपाल अनुसूईया उइके को जांच रिपोर्ट सौंप दी है। झीरम हत्याकांड जांच आयोग के सचिव और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार संतोष कुमार तिवारी यह रिपोर्ट लेकर राजभवन पहुंचे थे। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा अभी आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश हैं। बताया जा रहा है उनके बिलासपुर से निकलने से पहले ही इस रिपोर्ट को अंतिम रूप दिया गया। यह रिपोर्ट 10 खंडों और 4 हजार 184 पेज में तैयार की गई है।
