बाइक सवार बदमाशों ने महिला का मोबाइल छीना,पुलिस ने दबोचा
कानपुर
कानपुर आउटर के बिधनू थाना क्षेत्र में पहाड़पुर चुंगी के पास शनिवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने पैदल जा रही महिला के हाथ में झपट्टा मारकर 15 हजार कीमत का मोबाइल छीन कर ले गए थे। पुलिस ने सुरागरसी के जरिये दोनों युवकों को चोरी के मोबाइल संग दबोच लिया। युवकों के पास से एक चोरी की बाइक भी बरामद हुई है।
बिनगवां कैलाश नगर निवासी जगदीश राठौर की पत्नी अमिता शनिवार रात गल्ला मंडी से गृहस्थी का सामान खरीदकर घर लौट रही थी। तभी पीछे से आये बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके के हाथ से मोबाइल छीन लिया और सागरपुरी की तरफ भाग निकले। अमिता ने 10 कदम की दूरी पर स्थित सेन पुलिस सहायता केंद्र पर घटना की जानकारी दी। जिस पर पुलिस ने देर रात मुखबिर की सूचना पर बर्रा क्षेत्र से दोनों युवकों को चोरी के मोबाइल समेत दबोच लिया। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने अपना नाम बर्रा बिहारीपुरा निवासी सगे भाई अजीत साहू और अमित साहू बताया। घटना में प्रयुक्त बाइक को दोनों ने शुक्रवार को किदवई नगर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा के बाहर से बाइक चोरी करने की बात कबूली। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
