खाली पड़े प्लाट पर कब्जे के प्रयास में दो पक्षों में खूनी संघर्ष
कानपुर देहात।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर रोशनाई गांव के मजरा अहिरन पुरवा में खाली पड़े प्लाट पर कब्जे के प्रयास में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से कुल्हाड़ी लाठी सरिया चलने से 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए भेजने के साथ मामले की छानबीन शुरू की है।
अहिरनपुरवा फत्तेपुर रोशनाई निवासी शिवराम का एक विस्वा आवासीय प्लाट खाली पड़ा है। इसके बगल में यहीं के राजेश के दे प्लाट हैं। आरोप है कि सोमवार को राजेश व उनके समर्थकों ने खाली प्लाट पर कब्जे का प्रयास शुरू किया था। इसकी शिकायत शिवराम आदि ने पुलिस से की थी। इस पर काम रुक गया था। मंगलवार सुबह फिर से राजेश व उनके परिजनों ने उसी प्लाट में गड्ढे खोदना शुरू किया। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों ओर से लाठी, डंडा, फावड़ा, सरिया से हुए हमले में शिवराम पक्ष के हरमोहन सिंह, ननखी देवी, अंशू, प्रीति, रानी, आरती, तथा राजेश के पक्ष के रुदेश कुमार, दिलीप कुमार तथा सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गए। बवाल की सूचना पर रनियां चौकी प्रभारी अनुराग पांडेय पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे तथा घायलों को रनियां अस्पताल भेजा। वहां मौजूद डाँक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उनको जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चौकी इंचार्ज रनियां ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की तहरीर नहीं मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।
