निर्माणाधीन स्कूल के चौकीदार को पत्नी समेत बंधक बनाकर लाखों की सरिया लूटी
कानपुर।
महाराजपुर के महोली गांव के पास कानपुर प्रयागराज हाइवे के किनारे गुरुवार देर रात ट्रक सवार एक दर्जन बदमाशो ने निर्माणाधीन स्कूल में धावा बोल दिया। असलहों,चाकू समेत लाठी डंडे लिए बदमाशों ने स्कूल के चौकीदार को पत्नी समेत बंधक बनाकर स्कूल में रखी साढ़े चार लाख रुपये की सरिया ट्रक लूट ले गए। तड़के करीब तीन बजे बदमाशों के जाने के बाद चौकीदार ने किसी तरह से खुद को छुड़ाया और स्कूल मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
विनायकपुर निवासी संजय सिंह चौहान महोली गांव के पास कानपुर प्रयागराज हाइवे के किनारे सीबीएसई बोर्ड का स्कूल बनवा रहे हैं। संजय सिंह के अनुसार उनके स्कूल में उड़ंगाखेड़ा गांव के निवासी प्रहलाद और उनकी पत्नी विमला देवी रहकर चौकीदारी करते हैं। प्रहलाद ने बताया कि गुरुवार देर रात वह और पत्नी सो रहे थे। तभी एक ट्रक में सवार एक दर्जन लोग स्कूल में घुसे। सभी बदमाश असलहा, चाकू और लाठी डंडे लिए थे। इसके बाद आरोपितो ने प्रहलाद और उनकी पत्नी को असलहों के दम पर दोनों के हाथ ऑयर पैर रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया। फिर स्कूल में रखी करीब साढ़े सात टन सरिया ट्रक में लादी और भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद तड़कर करीब तीन बजे प्रहलाद ने किसी तरह से खुद को छुड़ाया। फिर स्कूल मालिक संजय सिंह को सूचना दी। उन्होंने तत्काल स्कूल पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चौकीदार से पूछताछ कर जांच पड़ताल की। महाराजपुर थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि चौकीदार से पूछताछ की गई है। सरिया करीब साढ़े चार लाख रुपये की बताई जा रही है। तहरीर पर मामला दर्ज कर आरोपितो की तलाश की जाएगी।
