त्यूणी के चिल्हाड़ गांव में पहुंचे डीएम ने जन सुनवाई शिविर में जन समस्याओं को सुना

विकासनगर

प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत डीएम डॉ. आर राजेश कुमार जिले की सीमांत तहसील त्यूणी के चिल्हाड़ गांव में पहुंचे। जहां जिलाधिकारी ने जन सुनवाई शिविर में लोगों की समस्याओं को सुना। शिविर में 122 शिकायतें दर्ज की गई। जिनमें महज तीस शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो पाया। 92 समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को एक माह का समय दिया गया। डीएम ने एक माह बाद समीक्षा करने के एसडीएम चकराता को निर्देश दिए। डीएम ने शिविर में नदारद रहने वाले अफसरों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत चिल्हाड़ के पंचायती आंगन में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष विभिन्न समस्याएं रखी। जिनमें उरबीदत्त ने कोराणू खड्ड में पुलिया निर्माण, पीडी बिजल्वाण ने देहरादून बाया मिनस शिलवाडा तक रोडवेज बस की मांग की। मदन मोहन बिजल्वाण ने सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की। चिल्हाड़ में एएनएम के गायब रहने की शिकायत राजेंद्र बिजल्वाण ने की। जिलाधिकारी ने रोडवेज बस संचालन का आश्वासन दिया। लोनिवि अधिकारियों को पुलिया व सुरक्षा दीवार बनाने के निर्देश दिए। एएनएम को चेतावनी दी की दुबारा शिकायत न आए। पशुपालन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों के गायब रहने की शिकायत ग्रामीणों ने की। जिस पर जिलाधिकारी ने निदेशक पशुपालन को कार्रवाई के निर्देश दिए साथ ही पशुओं का टीकाकरण करनो के भी निर्देश दिए। डिमीच चांजोई पीएमजीएसवाई मोटर मार्ग व डिमीच शाडना नहर में अनियमितताओं की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रेट व तकनीकी जांच कराने के आदेश एसडीएम चकराता को दिए। पीएमजीएसवाई की विभिन्न सडकों व ईई के नदारद रहने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को स्थलीय निरीक्षण कर तीन माह में जांच रिपोर्ट देने के आदेश दिए। शिविर में क्षेत्रवासियों ने नदारद रहने वाले सव ट्रेजरी अधिकारी त्यूणी, शिविर में ईई जल संस्थान, ईई पीएमजीएसवाई कालसी डिवीजन, ईई एनएच डोईवाला, ईई लघु सिंचाई, ईई ऊर्जा निगम, ईई सिंचाई खड अंबाडी के खिलाफ शिकायत की। जिस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम चकराता को कार्रवाई के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *