मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रहा स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ अस्पताल
विकासनगर
धर्मावाला स्थित स्वामी विवेकानंद धमार्थ चिकित्सालय पछुवादून, जौनसार बावर के मरीजों के लिए संजीवनी साबित हो रहा है। यहां मरीजों का बेहद कम शुल्क पर उपचार होने के साथ-साथ छोटे-बड़े आप्रेशन की सुविधाएं भी मिल रही हैं। एक ही छत के नीचे मिल रही सभी सुविधाओं के चलते इस अस्पताल में प्रतिदिन पांच सौ से अधिक की ओपीडी संचालित हो रही है। वर्ष 2012 में शुरू स्वामी विवेकानंद अस्पताल धर्मावाला में दिन प्रतिदिन मरीजों के लिए सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वर्तमान में इस अस्पताल में अत्याधुनिक तकनीक से चेहरे की सर्जरी की सुविधा के साथ ही लेप्रोस्कोपिक विधि से सभी तरह के आप्रेशन किए जा रहे हैं। पचास बेड के इस अस्पताल परिसर में ही दो सौ पचास लीटर प्रति मिनट उत्पादन क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट भी लगा हुआ है।
सभी तरह की जांच की मिल रही सुविधा : अस्पताल के प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अनुज सिंघल ने बताया कि अस्पताल गर्भस्थ शिशुओं के लिए टीफा स्कैन अल्ट्रासाउंड की सुविधा मौजूद है, जिससे गर्भस्थ शिशु में जन्मजात शारीरिक अक्षमता और गंभीर बीमारियों का पता लगाया जाता है। इसके साथ ही अस्पताल में हृदय रोगियों के लिए ईको, केंसर रोगियों को बायोप्सी की सुविधा भी मुहैया कराई जाती है। सीटी स्कैन-32 स्लाइस, एंडोस्कोपी, कोलोनोस्कोपी के साथ ही टीबी, हेपेटाइटिस बी और सी की ट्रू नेट जांच की जाती है।
पंचकर्म यूनिट हो रही संचालित : अस्पताल के आयुष विंग में पंचकर्म यूनिट भी संचालित की जा रही है। जिसमें विशेषज्ञ आयुर्वेद और पंचकर्म के माध्यम से मरीजों का उपचार करते हैं। इसके साथ ही मरीजों की फिजियोथैरेपी भी अस्पताल में की जाती है। जबकि प्रत्येक रविवार को अस्पताल में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाता है, जिसमें देहरादून समेत प्रदेश के अन्य अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच करते हैं।
