उपनल कर्मियों ने सरकार पर लगाया वादा खिलाफी का आरोप
विकासनगर।
उपनल संविदा स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रदेश सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है। उप जिला चिकित्सालय में तैनात उपनल संविदा कर्मियों ने शनिवार दोपहर बाद बैठक कर प्रदेश के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उपनल संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के पछुवादून अध्यक्ष अनिल गैरोला ने कहा कि उनके मामले में राज्य सरकार उच्च न्यायालय के निर्देशों की अवहेलना कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समान कार्य समान वेतन की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन सरकार उनकी मांगों को अनसुना कर रही है। कहा कि सरकार के अधीन आने वाले विभागों में ही श्रम कानूनों का उल्लंघन कर अल्प मानदेय पर कर्मचारियों से काम लिया जा रहा है। उप जिला चिकित्सालय में ओपीडी से लेकर ओटी, इमरजेंसी, ट्रामा सेंटर और इंडोर वार्ड की व्यवस्थाओं का संचालन 23 उपनल संविदा कर्मियों के सहारे संचालित होता है। इसके अलावा उपनल कर्मी कोविड ड्यूटी भी कर रहे हैं। सभी महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन किए जाने के बावजूद उन्हें मानक के अनुरूप मानदेय नहीं दिया जा रहा है। कहा कि 56 दिनों की हड़ताल के बाद सरकार के मंत्रियों ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिलाया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विभागीय नियुक्ति, समान कार्य समान वेतन जल्द लागू नहीं होने पर एक बार फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इस दौरान हेमचंद्र पंत, संजू, राजेंद्र सिंह, अनूप राय, रेखा, सुनीता, उर्मिला, राजदास, सुनदास, संजू सैमसन, संगीता, नवीन कुमार आदि मौजूद रहे।
