बीएड प्रशिक्षितों ने की भर्ती प्रक्रिया शुरु करने की मांग

विकासनगर

पछुवादून, जौनसार बावर के बीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने मंगलवार को फेसबुक पेज के माध्यम से शिक्षा मंत्री से संवाद स्थापित कर अपनी पीड़ा व्यक्त की। इस दौरान बेरोजगार युवाओं में सरकार के प्रति आक्रोश भी दिखाई दिया। बीएड प्रशिक्षित बेरोजगार संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने कहा कि प्रदेश भर में पचास हजार से अधिक बीएड प्रशिक्षित बेरोजगार हैं। प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में चार हजार पद रिक्त हैं। बावजूद इसके सरकार भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं कर रही है। बलवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि वर्ष 2016 से ही प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के पदों पर भर्ती नहीं हुई है, जिससे प्रशिक्षित बेरोजगारों में नाराजगी है। इसके साथ ही प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था भी बदहाल हो रही है। प्रशिक्षित बेरोजगार मो. इस्लाम ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के बजाय प्रदेश के विद्यालयों में शिक्षकों के पदों को समाप्त करने की साजिश कर रही है, जिससे बेरोजगारों को रोजगार मिलने की आस भी धूमिल हो रही है। राहुल कुमार ने कहा कि पिछले चार साल से भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होने के कारण कई बेरोजगार युवा सरकारी सेवा की आयु सीमा को पार करने की कगार पर पहुंच गए हैं, ऐसे में उनके सामने भविष्य चिंताएं खड़ी हो गई हैं। सभी प्रशिक्षित बेरोजगारों ने जल्द प्रदेश में रिक्त पड़े शिक्षकों के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *