एनएएस और प्रवेशोत्सव की तैयारियों पर शिक्षकों ने किया मंथन

विकासनगर।

संकुल संसाधन केंद्र लांघा में गुरुवार को संपन्न हुई शिक्षकों की बैठक में राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण की तैयारियों पर चर्चा के साथ ही १५ सितंबर को मनाए जाने वाले प्रवेशोत्सव और आनॅलाइन शिक्षण पर मंथन किया गया। संकुल समन्वयक राम नारायण रतूड़ी ने बताया कि एनसीईआरटी की ओर से कराए जाने वाले एनएएस के लिए कक्षा तीन से कक्षा आठ तक के छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम की जानकारी मुहैया कराई जानी जरूरी है। जिससे छात्र उपलब्धि सर्वेक्षण में अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन कर सके। बताया कि इस सर्वे में प्रत्येक छात्र को कवर किया जाएगा। इससे किसी भी स्तर पर बच्चे के शैक्षणिक स्तर का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि छात्र संख्या बढ़ाने और सरकारी विद्यालयों में छात्रों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी समाज तक पहुंचाने के लिए १५ सितंबर को प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन नव प्रवेशी बच्चों और उनके अभिभावकों को विद्यालय में बुलाकर उन्हें सरकारी विद्यालयों की रीति नीति की जानकारी दी जाएगी, जिससे सरकारी शिक्षा के प्रति अभिभावकों में रुचि पैदा हो सके। कहा कि जो छात्र अभी विद्यालय नहीं आ रहे हैं, उनके लिए भविष्य में उपचारात्मक शिक्षण शुरू किया जाना है। इसके तहत कमजोर छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन कर उन्हें पाठ्यक्रम की पूरी जानकारी मुहैया कराई जाएगी। इसके साथ ही बैठक में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की ओर से मुहैया कराई गई वर्कशीट और अन्य शैक्षणिक सामग्री सभी छात्रों को मुहैया कराने की सलाह शिक्षकों दी गई। शिक्षकों ने ऑफलाइन शिक्षा से वंचित छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन शिक्षण व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया। इस दौरान सुरेश नौटियाल, हुकम सिंह चौधरी, रणवीर तोमर, सरिता रानी, सुधीर तोमर, रेणु जोशी, मीरा धीमान, हरपाल सिंह, नरेश नौटियाल, श्याम सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *