रेलवे ट्रैक किनारे मिले शव की हुई शिनाख्त

काशीपुर।

पैगा चौकी क्षेत्र में तीन दिन पूर्व रेलवे ट्रैक किनारे मिले शव की पुलिस ने शिनाख्त कर ली है। रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत मिले शव की शिनाख्त यूपी के संभल निवासी विशेष कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है विशेष पैगा चौकी क्षेत्र की एक कंपनी में श्रमिक का काम करता था।
तीन अक्तूबर देर रात काशीपुर जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक एसएस डुंगरियाल ने आईटीआई पुलिस को ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत की सूचना दी थी। पैगा चौकी प्रभारी अमित शर्मा ने चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे लाइन पर क्षत-विक्षत हालत में शव कब्जे में लिया था। जेब से मिले नैनीताल बैंक के एक एटीएम पर विशेष कुमार लिखा हुआ था। पुलिस ने एटीएम कार्ड के आधार पर शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए थे। जांच पड़ताल के दौरान मालूम पड़ा शव गुलालपुर नखासा संभल यूपी निवासी विशेष कुमार पुत्र गुरुप्रसाद का था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। एसआई अमित शर्मा ने कहा विशेष टांडा उज्जैन में किराये के मकान में रहता था और महुआखेड़ा गंज स्थित कल्पतरु कंपनी में श्रमिक की नौकरी करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *