टेंपों चालकों का एआरटीओ कार्यालय पर धरना, अवैध तौर पर चल रहे वाहनों पर कार्रवाई की मांग की
विकासनगर।
पछुवादून क्षेत्र के लोडिंग टेंपों चालकों ने गुरुवार को परिवहन कार्यालय ढालीपुर में धरना देकर ई-रिक्शा और अवैध तौर पर चल रहे जुगाड़ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। टेंपों चालकों ने परिवहन विभाग पर अवैध तौर पर चल रहे वाहनों को शह देने का आरोप लगया। धरना प्रदर्शन कर रहे टेंपों चालकों ने कहा कि पछुवादून के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मोटर साइकिल को काटकर अवैध तौर से बनाए गए जुगाड़ वाहन सडक़ों पर दौड़ रहे हैं। इन वाहनों से भारी सामान का ढुलान किया जा रहा है, जो परिवहन नियमों के खिलाफ है। कहा कि इन वाहनों को लोडर वाहन के तौर पर उपयोग किए जाने से लोडिंग टेंपों चालकों को नुकसान झेलना पड़ रहा है। इस तरह के जुगाड़ वाहन पछुवादून में हर दिन काफी संख्या में ग्रामीण और शहरी मार्गों पर दौड़ते रहते हैं। इसके साथ ही ई-रिक्शा चालक भी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार ई रिक्शा चालकों के लिए ग्रामीण रूट तय किए गए हैं। लेकिन पछुवादून में ई-रिक्शा धड़ल्ले से राष्ट्रीय राजमार्ग पर सवारियां ले जा रहे हैं। बावजूद इसके इन वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ई रिक्शा वाहनों का उपयोग सामान की ढुलाई के लिए भी किया जा रहा है। बावजूद इसके परिवहन विभाग इन वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे लोडिंग टेंपो चालकों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। धरना प्रदर्शन कर रहे टेंपों चालकों ने सडक़ों पर अवैध तौर पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग परिवहन विभाग से की है। धरना प्रदर्शन करने वालों में अनिल, प्रमोद, संजू, बाबूलाल, नवीन कुमार, संतोष, छोटू, राजू आदि शामिल रहे।
