नाराज सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने दी हड़ताल की चेतावनी

ऋषिकेश।

सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया है। वे खाद्यान्न में लाभांश और किराया नहीं मिलने से नाराज हैं। उन्होंने इस मामले में हड़ताल की चेतावनी दी है। आदर्श राशनिंग वेलफेयर सोसाइटी के प्रदेश महामंत्री संजय शर्मा ने कहा कि सरकार सस्ता गल्ला विक्रेताओं की उपेक्षा कर रही है। कहा कि छह माह पूर्व राशन विक्रेताओं को दाल, चीनी में लाभांश देने व एपीएल के खाद्यान्न में प्रति कुंतल 5 प्रतिशत लाभांश बढ़ाने की मांग को लेकर खाद्य मंत्री बंशीधर भगत से मुलाकात की गई थी। उस समय उन्होंने सचिव को इन मांगों पर कार्यवाही के निर्देश दिए थे। लेकिन छह माह बाद भी इन मांगों पर कार्यवाही नहीं हुई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के खाद्यान्न में भी पिछले साल का ही लाभांश एवं किराया अभी तक विक्रेताओं को नहीं दिया गया। इससे राशन विक्रेता परेशान हैं। कहा कि इन मांगों को लेकर पहाड़ी क्षेत्रों में पहले से ही राशन विक्रेताओं का आंदोलन चल रहा है। लेकिन अब भी इन पर कार्यवाही नहीं हुई तो देहरादून व आसपास क्षेत्र के तमाम सस्ता गल्ला विक्रेता हड़ताल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *