कब्जाः ईशापुर में जमीन पर मिट्टी डालकर बना दीं फर्जी कब्रें, हटवाईं
मथुरा
जमीन कब्जाने को माफिया क्या कुछ नहीं करते। मथुरा में एक ऐसा मामला सामने आया हैं जहां कब्जा करने के लिए लोगों ने फर्जी कबिस्तान ही बना डाला। हालांकि इसमें मिली भगत भी लोगों को लग रही है। नगर निगम ने कार्रवाही करने के बाद भी उन लोगों से अनभिज्ञता जाहिर कर दी है जिन लोगों यह काम किया।
नगर आयुक्त अनुनय झा के आदेश पर गुरुवार को ईशापुर में मिट्टी डालकर बच्चों की कब्रों की शक्ल देकर नगर निगम की जमीन कब्जाने का प्रयास विफल कर दिया गया। उक्त भूमि का समतलीकरण कराते हुए जमीन नगर निगम को सौंप दी गयी। बताते चलें कि वार्ड संख्या 14 ईसापुर में खाली पड़ी नगर निगम की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा मिट्टी डालकर बच्चों की कब्रों का रूप दे दिया गया। इस तरह की फर्जी कब्रें कई स्थानों पर तैयार की गयी थीं। ईशापुर के खसरा संख्या 237 व 239 में लगभग 35-40 स्थानों पर मिट्टी डालकर यह कार्य किया गया था, जो संभवतः 2-3 दिवस पहले मिट्टी डाली गयी। सहायक नगर आयुक्त डीके सिंह ने नेतृत्व में जमीन के समतलीकरण की कार्रवाई की गयी। स्थानीय लोगों व क्षेत्रीय पार्षद से उक्त के सम्बन्ध में जानकारी की गई, लेकिन किसी को भी यह नहीं पता है कि यह किसके द्वारा किया गया है। एक साथ 35-40 मृत्यु, कब्रों का बनना स्वाभाविक, विश्वसनीय नहीं है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा नामित उप जिला मजिस्ट्रेट, महावन कृष्णानंद तिवारी की उपस्थिति में सन्दर्भित स्थल को समतल कराते हुए नगर निगम द्वारा भूमि पर कब्जा प्राप्त किया गया।कार्यवाही के समय मौके पर थाना यमुनापार निरीक्षक, चौकी प्रभारी थाना यमुनापार मय पुलिस फोर्स, नगर निगम के लेखपाल लक्ष्मण शर्मा, थानसिंह एवं प्रवर्तन दल के सूबेदार राजेश कुमार, सूबेदार राहुल चतुर्वेदी आदि मौजूद रहे।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने वृंदावन क्षेत्र में एक अवैध कालोनी को ध्वस्त कराया है। यह कालोनी 45 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही थी। वृंदावन क्षेत्र की आध्यात्मिक पहचान और लोगों में यहां रहने की अभिरूचि को देखते हुए बिल्डर्स भी मुनाफा कमाने की जुगत लगा रहे हैं। यही कारण है कि वृंदावन क्षेत्र में अवैध कालोनियों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही। इसी क्रम में गुरुवार को भी एक अवैध कालोनी को ध्वस्त कराया गया। नगला पंगा, नारायणपुर सुमेरा से नारायणपुर रोड पर देवी आटस रोड से 100 मीटर की दूरी पर 45 एकड़ में कृष्णा डिवाइन नाम से कालोनी काटी जा रही थी। इस कालोनी को बिना नक्शा पास कराए ही निर्माण कराया जा रहा था। इसलिए निर्माणकर्ताओं संदीप चतुर्वेदी एवं बालमुकुंद शर्मा को नोटिस जारी किया गया। लेकिन निर्माणकर्ताओं ने नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। इस संबंध में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण में वाद भी दायर किया गया।
