दो बाइकों की भिड़ंत में पांच लोग घायल
रुडक़ी।
बाइक से अपने गांव लौट रहे दो युवकों की सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। भिड़ंत इतनी तेज थी कि दोनों बाइक पर सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को रुडक़ी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीन की हालत नाजुक देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। नारसन क्षेत्र के बूड़पुर गांव निवासी देवेंद्र उर्फ कल्लन पुत्र सुक्रमपाल और तेजबीर पुत्र गरीबदास अपनी बाइक से शुक्रवार की शाम को बूड़पुर गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह मंडावली गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रही तेज बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। जिस बाइक ने टक्कर मारी उस पर तीन लोग सवार थे। हादसा होते ही मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को रुडक़ी के सिविल अस्पताल भेजा गया। जहां से तीन लोगों को ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया गया। सूचना पर नारसन चौकी प्रभारी लोकपाल परमार मौके पर पहुंचे। एसएसआई देवेंद्र सिंह रावत का कहना है कि अभी तक इस संबंध में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
