टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन विषय पर एक दिवसीय वेबिनार आयोजित
श्रीनगर गढ़वाल।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन विषय पर एक दिवसीय वेबिनार आयोजित किया गया। इस मौके पर बतौर मुख्य वक्ता जेटफिलीट दिल्ली के बिजनेस हेड महिपाल सिंह रावत एंव पीएचडी आईआईटी दिल्ली व एनर्जी स्पेसलिस्ट वार्ड बैंक ग्रुप दिल्ली के डा. ईशान पुरोहित ने टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन विषय पर अपना व्याख्यान दिया। इस मौके पर महिपाल रावत ने कहा कि हमें अपने लक्ष्यों पर गंभीर रहना होगा। कहा जीवन के उद्देश्यों को स्पष्ट बनाएं सफलता अवश्य हाथ लगेगी। आने वाले समय में हम जो विश्वविद्यालय की एलुमिनाई एसोसिएशन है वो यहां के छात्रों के प्लेसमेंट पर भी काम करेगी। डा. ईशान पुरोहित ने कहा कि हमें अपने कार्य के प्रति जागरूक होना होगा। नकारात्मकता को कम सोचें व सकारात्मक विचारों को अपनाएं। हमारे छात्रों में अनेक संभावनाएं हैं जिन्हें काम के माध्यम से धरातल पर उतारने की आवश्यकता है। वेबिनार संयोजक डा. राकेश नेगी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि इस विश्वविद्यालय के एक-एक छात्र अपने जीवन में एक सफल इंसान बने व समाज में एक आदर्श नागरिक बनें। जो लोग इस विवि से पढक़र अपने जीवन में सफलता के मुकाम पर खड़े हैं वे अपने जीवन की सफलता की कहानी हमारे उन छात्र व छात्राओं को बताएं जो अभी अध्यनरत हैं। वेबिनार का संचालन राधिका नेगी ने किया गया। इस अवसर पर डा. मनीष उनियाल, डा. जगमोहन नेगी, डा. नरेश कुमार, डा. रीना आर्य, डा. देव कृष्ण थपलियाल आदि मौजूद रहे।
