त्रिवेणी घाट पर बने संत रविदास मंदिर
ऋ षिकेश।
उत्तराखंड दलित विकास महासभा ने त्रिवेणीघाट पर संत रविदास मंदिर निर्माण करने की मांग उठाई है। उन्होंने मांग को लेकर मेयर अनिता ममगाईं को ज्ञापन सौंपा है।बुधवार को उत्तराखंड दलित विकास महासभा सदस्यों ने नगर निगम कार्यालय पहुंच मेयर अनिता ममगाईं को ज्ञापन सौंपा। महासभा अध्यक्ष नंदकिशोर जाटव ने कहा कि नई जाटव बस्ती में एक खाली भूखंड पड़ा है। इस भूखंड में स्थानीय बच्चों के खेलने के लिए पार्क का निर्माण किया जाए, ताकि क्षेत्र के बच्चे शारीरिक खेल व व्यायाम आदि कर सकें। इसके अलावा त्रिवेणीघाट पर संत रविदास मंदिर का निर्माण करवाया जाए, ताकि गंगा तट पर आने वाले श्रद्धालु रविदास मंदिर में दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि मॉर्डन स्कूल के पीछे जाटव बस्ती के अंदर बनी सडक़ें पुरानी हो चुकी हैं, ओर जगह जगह गड्ढे बन गए हैं। इस सडक़ का पुन: निर्माण करवाया जाए। ज्ञापन देने वालों में रविंद्र बिरला, जगवार सिंह, सुनील भारती, सौरभ, राकेश वाल्मिकी, अनूप वाल्मीकि, राधे जाटव, सूरज पाल, गंगाशराण जाटव, अमित जाटव, राहुल आदि शामिल थे।
