रोडवेज कर्मियों ने दी कार्यबहिष्कार की चेतावनी

ऋ षिकेश।

14 सूत्रीय मांगों को लेकर रोडवेज कर्मी आंदोलन की राह पर हैं। बस अड्डा परिसर में दूसरे दिन भी कर्मचारी धरना-प्रदर्शन पर डटे रहे। मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही न होने पर कर्मचारियों ने गुरुवार से कार्यबहिष्कार की चेतावनी दी है। वहीं रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की मांगों को जायज बताते हुए रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने भी आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड ऋषिकेश शाखा के रोडवेज कर्मचारियों ने बुधवार को भी संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डा परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित कर्मियों ने ऋषिकेश रोडवेज डिपो प्रबंधन पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए कहा कि मांगों के बाबत एआरएम से दो बार वार्ता हो चुकी है, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही। आरोप लगाया कि डिपो प्रबंधन पटल परिवर्तन से संबंधित प्रक्रिया को अमल में लाने को तैयार नहीं है। दूसरी मांगों को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। मजबूरन आंदोलन का रुख अख्तियार करना पड़ा। शाखा अध्यक्ष जगदीश कुमार ने बताया कि प्रमुख मांग नई ई-टिकटिंग मशीन उपलब्ध कराने, 3 साल से एक पटल पर जमे कार्मिकों का पटल परिवर्तन, दून रोड स्थित कार्यशाला में स्थापित डीजल पंप शुरू करने, 5 महीने का बकाया वेतन, कुंभ मेला भत्ता भुगतान आदि हैं। बताया कि मांगों पर बुधवार देर शाम तक निर्णय नहीं हुआ तो गुरुवार से कार्यबहिष्कार के लिए बाध्य होंगे। वहीं,उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन के शाखा अध्यक्ष अनूप बडोनी ने रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *