पुलभट्टा पुलिस ने अवैध तमंचे एवं रिवाल्वर के साथ एक आरोपी पकड़ा
रुद्रपुर।
पुलभट्टा पुलिस ने 315 बोर के अवैध तमंचे एवं 38 बोर के देसी रिवाल्वर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दूसरा आरोपी भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा कायम कर दिया है। रविवार को पुलभट्टा थाने में पुलिस क्षेत्राधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि अवैध हथियारों की तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस ने गऊघाट मोड़ पर घेराबंदी कर दी। रात्रि लगभग 10 बजे पुलिस ने दो संदिग्धों को घेर लिया। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को घेर कर पकड़ लिया, जबकि दूसरा व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठा कर मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम राजू पुत्र लेखराज निवासी ग्राम बखपुर किच्छा बताया। उससे एक 315 बोर का अवैध तमंचा, 38 बोर का देसी रिवाल्वर एवं एक 315 बोर का जिंदा कारतूस बरामद किया। वह नानकमत्ता से रिवाल्वर लाकर यहां बेचता था। टीम में पुलभट्टा एसओ राजेश पांडे, एसआई दिनेश चंद्र भट्ट, बसंत बल्लभ पंत, कांस्टेबल ललित कुमार, इंद्रप्रकाश, गजेंद्र सिंह शामिल रहे।
