कोटद्वार में जल्द संचालित होगी ट्रैफिक लाइट

कोटद्वार

शहर के सबसे व्यस्त रहने वाले नजीबाबाद चौक पर प्रतिदिन लगने वाले जाम से जल्द ही लोगों को राहत मिलने वाली है। चौक पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मुख्यालय की ओर से ट्रैफिक लाइट लगवा दी गई है, जिनका जल्द संचालन शुरू कर दिया जाएगा। दरअसल लालबत्ती चौक पर वाहनों का भारी दबाव रहता है और चौक पर अधिकांश जाम की स्थिति बनी रहने से आम जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। समस्या के हल के लिए कुछ वर्ष पूर्व प्रशासन द्वारा एलआईसी भवन से मस्जिद तिराहे तक डिवाइडर का निर्माण कराया गया था। फिर प्रशासन इसकी सुध लेना भूल गया, लेकिन एसएसपी पी़ रेणुका देवी के निर्देशन पर यातायात पुलिस द्वारा दोबारा से कार्य शुरू कर दिया गया। इसी वर्ष मार्च माह में उक्त चौक पर यातायात पुलिस द्वारा ट्रैफिक बूथ का निर्माण किया गया था जिससे चारों दिशाओं में छोटे-बड़े वाहन आसानी से मुड़ सकें और अब ट्रैफिक लाईट लगवाई गई है। बता दें कि नजीबाबाद चौक पर लगने वाले भारी जाम को नियंत्रित करने के लिए करीब एक दशक पूर्व भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड की स्थानीय इकाई ने इस चौक पर ट्रैफिक लाइट लगाई। कुछ समय तक ट्रैफिक लाइट ने कार्य किया। बाद में लाइट में खराबी आ गई और प्रशासन ने ट्रैफिक लाइट को यातायात में बाधक मानते हुए उखाड़ फेंका। लाइट उखड़ गई, लेकिन कई लोग इससे लालबत्ती चौक से जानने लग गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *