पैतृक गांव पहुंचने पर ब्लॉक प्रमुख का भव्य स्वागत
कोटद्वार
द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख महेंद्र राणा के यमकेश्वर प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव पलेल पहुंचने पर ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें क्षेत्रीय समस्याओं के बारे में अवगत कराया। ब्लॉक प्रमुख महेंद्र राणा अपनी कुल देवी के मन्दिर में परिवार के सदस्यों के साथ पूजा अर्चना करने के बाद पैतृक मकान में पहुंचे। ग्रामवासियों ने महेन्द्र सिंह राणा के पहुंचने पर खुशी जाहिर करते हुए सामूहिक भोज का आयोजन किया। ग्रामीणों ने उन्हें क्षेत्रीय समस्याओं के बारे में अवगत कराते हुए बताया कि सडक़ के अभाव में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि दैनिक जरूरतों का सामान खरीदने के लिए उन्हें पांच किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य मार्ग तक जाना पड़ता है। वहां से गाड़ी के माध्यम से समीप के बाजार तक पहुंचना पड़ता है। सबसे ज्यादा दिक्कतें मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने में आती है। इसके अलावा ग्रामीणों ने उन्हें बिजली ट्रांसफार्मर एवं पेयजल से संबंधित समस्या से भी अवगत कराया। जिसको लेकर ब्लॉक प्रमुख द्वारा अधिकारियों से फोन पर वार्ता की गई और समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया गया। इस अवसर कमल सिंह राणा, जितेन्द्र सिंह, मातबर सिंह, उदय सिंह, राजपाल सिंह, रवीन्द्र सिंह, कलम सिंह, सचिन सिंह, धर्मेंद्र सिंह, दीपक राणा, कुलदीप सिंह राणा, सुन्दर सिंह राणा, हेमन्त राणा, गोदाम्बरी देवी, सुशीला देवी, सीमा देवी आदि मौजूद रहे।
