नशा तस्करों पर कार्रवाई न हुई तो करेंगे अनशन शुरू

 

ऋषिकेश। श्यामपुर में नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ जनप्रतिनिधियों का धरना जारी है। छठे दिन जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि नशा तस्करों पर कार्रवाई नहीं हुई तो अनशन शुरू किया जाएगा। सोमवार को श्यामपुर हाट बाजार में जनप्रतिनिधियों का धरना प्रदर्शन छठे दिन भी जारी रहा। पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य वीर सिंह नेगी ने कहा कि बीते छह दिनों से नशे के खिलाफ धरना चल रहा है, लेकिन शासन-प्रशासन इस और कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस रवैये से नशा माफिया के हौसले बुलंद है। उन्होंने अन्य जनप्रतिनिधियों से भी धरने को समर्थन देने का आह्वान किया। कांग्रेस प्रदेश सचिव मनोज गुसाईं ने कहा कि स्थानीय पुलिस कार्रवाई के नाम पर सिर्फ छोटे दुकानदारों पर कार्यवाही कर रही है, जबकि शराब माफिया खुलेआम सक्रिय है। ऐसे में पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवालिया निशान लग रहा है। यदि पुलिस प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो जनप्रतिनिधियों को मजबूरन क्रमिक और आमरण अनशन आरम्भ करना पड़ेगा। श्यामपुर क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय लक्ष्मी पंवार ने कहा उत्तराखंड प्रदेश को बनाने में मातृशक्ति का विशेष योगदान रहा है। अवैध रूप से बिकने वाली शराब व स्मैक से छोटे छोटे बच्चे अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। धरना देने वालों में सोना देवी, बसन्ती देवी, मुन्नी देवी, संपति देवी, लक्ष्मी बडोला, माया देवी, विजयपाल रावत, धर्मराज सिंह पुंडीर, शिव प्रसाद डोभाल, सतेंद्र पंवार, अनिल रतूड़ी, दिनेश पंवार, योगराज दत्त नौटियाल, अनिल पुंडीर, सुधीर राणा, आशीष राणा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *