शिक्षकों के समय से स्कूल नहीं पहुंचने पर लोगों ने काटा हंगामा

 

विकासनगर। राजकीय इंटर कालेज पुरोड़ी में सोमवार को शिक्षकों के समय से नहीं पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विद्यालय में हंगामा काटा। कॉलेज पहुंचे स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से कर कार्रवाई करने की मांग की है। सोमवार सुबह पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित तोमर के नेतृत्व में स्थानीय लोग कालेज पहुंचे। कालेज में छात्र-छात्राएं प्रार्थना कर रहे थे, लेकिन वहां छात्रों के अलावा सिर्फ एक चतुर्थ श्रेणी कर्मी ही मौजूद था। जब उन्होंने प्रिंसिपल और शिक्षकों के बारे में पूछा तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। स्थानीय निवासी अंकित तोमर, शुभम कुमार, सुल्तान सिंह चौहान, मंजीत तोमर, शूरवीर चौहान आदि का कहना है कि रोजाना शिक्षक देरी से पहुंचते है। सोमवार के दिन स्थिति ज्यादा खराब रहती है। कहा कि शिक्षक विकासनगर और देहरादून से अप डाउन करते हैं, इसलिए हमेशा विद्यालय विलंब से आते हैं। कहा कि 15 अगस्त को भी शिक्षक समय से स्कूल नहीं पहुंचे थे। शिक्षकों के लापरवाह रवैये से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारी लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। देरी से पहुंचने के लिए अधिकारियों की ओर से शिक्षकों को मौन स्वीकृति दी जा रही है। लोगों ने जल्द व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, खंड शिक्षा अधिकारी चकराता पूजा नेगी दानू ने बताया कि प्रधानाचार्य प्रशासनिक कार्यों के चलते कॉलेज से बाहर गए हुए हैं। जबकि शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *