स्वीकृति के चार साल बाद भी शुरू नहीं हुआ सडक़ निर्माण कार्य

विकासनगर

तहसील के अंतर्गत राजस्व गांव पेनूवा सुनोई के लिए चार वर्ष पूर्व सडक़ स्वीकृत होने के बावजूद सडक़ का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में लोक निर्माण विभाग के खिलाफ रोष है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र प्रेषित कर जल्द मार्ग निर्माण कराने की मांग की है। प्रेषित पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2016-17 में शासन ने पेनूवा सुनोई गांव के लिए लगभग दस किलोमीटर सडक़ स्वीकृत की थी। लेकिन, सडक़ के सर्वे को लेकर अलग-अलग राय के चलते चार साल से सडक़ निर्माण टेंडर प्रक्रिया अधर में लटकी हुई है। बताया कि मार्ग निर्माण की आस जगने से ग्रामीणों में खुशी की लहर जगी थी। लेकिन चार वर्षों से ग्रामीण मार्ग निर्माण की राह देख रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से जल्द ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए गांव की स्वीकृत सडक़ के निर्माण को हरी झंडी देने की गुहार लगाई है। पत्र भेजने वालों में ग्रामीण अतर सिंह, धूम सिंह, रामा नंद, सार सिंह, धन सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *