बचाव कार्यों के लिए भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर भी तैनात
नासिक
महाराष्ट्र के नासिक जिले के इगतपुरी तालुका के मुंढेगांव में रविवार सुबह करीब 11 बजे जिंदल पॉलीफिल्म परियोजना में बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई। सुबह लगी आग पर समाचार लिखे जाने तक काबू नहीं पाया जा सका है। हालांकि इस आग में दो लोगों की मौत हो गई है और 17 लोग घायल हुए हैं। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आग लगने की जानकारी ली और अधिकारियों को उचित सहायता मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं. दमकल की ओर से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर भी बचाव कार्यों के लिए तैनात किए गए हैं। आपको बता दें कि नासिक-मुंबई हाईवे पर स्थित जिंदल कंपनी में रविवार सुबह एक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के 20 से 25 गांवों में सुनाई दी। आग इतनी भीषण थी कि आसमान में धुएं का गुबार देखा जा सकता था। आग लगने के बाद कंपनी के पूरे परिसर में अंधेरा छा गया है। काम पर लगे कर्मचारी कुछ समझ पाते इससे पहले आग तेजी से फैलने लगी।विस्फोट के तुरंत बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। लेकिन आग इतनी ज्यादा फैल गई कि उसे बुझाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं. फिलहाल आग आसपास की कंपनियों में फैलती नजर आ रही है. जिले की सभी दमकल गाड़ियों और एंबुलेंस को भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि इस कंपनी में कुल 15000 कर्मचारी काम कर रहे हैं। यह एशिया की सबसे बड़ी पॉलीफिल्म कंपनी है और इसमें कई कामगार फंसे हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए सुयश अस्पताल भेजा गया है। इसावधानी से अन्य मजदूरों को निकालने का काम जारी है. नासिक नगर निगम के दमकल अधिकारियों ने कहा कि आग व्यापक रूप से फैल रही है। कंपनी के पास जिस तरह का कच्चा माल है उससे आग फैलती जा रही है। आग बुझाने में कुछ समय लग सकता है। आग लगने का कारणों का पता नहीं चल पाया है।
