संचार सेवा न होने से ग्रामीण परेशान
विकासनगर। तहसील क्षेत्र के कुनैन, अमराड़, झबराड़ आदि गांवों में संचार सेवा न होने से परेशानी बनी हुई है। खराब मौसम के बीच जहां लोग अपने नाते रिश्तेदारों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं, वहीं, छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाई में दिक्कत आ रही है। ग्रामीणों ने बीएसएनएल के महाप्रबंधक को ज्ञापन भेजकर क्षेत्र में संचार सेवा उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रेषित पत्र के माध्यम से ग्रामीणों ने बताया कि जौनसार बावर क्षेत्र की अंतिम तहसील त्यूणी के कुनैन, अमराड़ और झबराड़ गांव में संचार सेवा न होने से ग्रामीण परेशान हैं। बताया कि गांवों में ढाई वर्ष पूर्व एक निजी मोबाइल कम्पनी का टॉवर था। लेकिन, कम्पनी ने उसे हटा दिया। जिसके बाद से ग्रामीण संचार सेवा से वंचित हैं। हालांकि, हिमाचल प्रदेश के टॉवरों के भरोसे ग्रामीण अपने फोन चला पा रहे हैं। लेकिन, पूरे नेटवर्क नहीं मिल पाने से दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। बताया कि इन दिनों खराब मौसम के बीच ग्रामीण घरों में कैद हैं। साथ ही, बच्चों की भी ऑनलाइन कक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में संचार सेवा न होने से बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने महाप्रबंधक से जल्द मांग पर संज्ञान लेते हुए गांवों में टॉवर लगाकर संचार सेवा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पत्र भेजने वालों में चंदन दत्त, रामानंद, कुंवर सिंह, श्याम सिंह, पूरण सिंह, अर्जुन सिंह आदि शामिल रहे।
