सरकारी अस्पताल में डेंगू हेतु आईसीयू वार्ड के 30 बेड आरक्षित


ऋषिकेश। सरकारी अस्पताल में डेंगू के मरीजों के लिए आईसीयू वार्ड में करीब 30 बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। महिला और पुरुष वार्ड में 20 बेड की व्यवस्था संक्रमित मरीजों के लिए पहले से है। एहतियात के तौर पर अस्पताल प्रशासन ने यह कदम उठाया है। शहर और आसपास के इलाकों में अभी तक 28 से ज्यादा डेंगू पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके हैं। ज्यादातर का उपचार कर उन्हें चिकित्सालय से छुट्टी दे दी गई है। महज एक मरीज फिलहाल अस्पताल में भर्ती है। डेंगू से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने बेडों की संख्या को भी बढ़ा दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक कर रही है। छह अगस्त से नगर और ग्रामीण आबादी में सर्वे अभियान के दौरान विभागीय टीम सात हजार से ज्यादा घरों में डेंगू का लारवा भी नष्ट कर चुकी है। स्वास्थ्य पर्यवेक्षक एसएस यादव के मुताबिक महिलाओं और पुरुष मरीजों के लिए अस्पताल में डेंगू के दो वार्ड बनाकर उनमें पहले ही बेड रिजर्व कर दिए थे। अब आईसीयू वार्ड के बेडों को भी आरक्षित कर लिया गया है। फिलहाल डेंगू को लेकर हालात काबू में हैं, लेकिन स्थिति बिगड़ती है, तो अस्पताल प्रशासन के पास उपचार के लिए पर्याप्त इंतजाम मौजूद हैं। उन्होंने लोगों से घरों और आसपास साफ पानी को खुले में जमा नहीं होने देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *