ग्रामीणों को साइबर क्राइम से बचने की जानकारी दी


विकासनगर(आरएनएस)।  थाना क्षेत्र अंतर्गत हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे मुंधौल गांव में पुलिस ने सोमवार को चौपाल लगाकर नशा मुक्त समाज बनाने को प्रेरित करने के साथ ही साइबर क्राइम से बचने की नसीहत दी। थानाध्यक्ष आशीष रवियान ने कहा कि सीमांत गांव होने के कारण नशीले पदार्थों की तस्करी की संभावना अधिक बनी रहती है। नशे के सौदागर गांव के युवाओं और बच्चों को अपना निशाना बनाते हैं। बताया कि पहले युवाओं को नशे का आदी बनाया जाता है, उसके बाद उनके माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी भी की जाती है। इससे पूरे गांव का माहौल खराब होने के साथ ही कई परिवार भी बर्बाद होते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को बताया कि गांव में बेवजह घूमने वालों, फेरी वालों पर कड़ी नजर रखी जानी चाहिए। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो इसकी सूचना थाना पुलिस को तत्काल मुहैया कराएं। इसके साथ ही इन दिनों बढ़ रहे साइबर क्राइम के मामलों को देखते हुए थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को बताया कि अपने बैंक खातों से संबंधित जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। बैंक की ओर से कभी भी अपने ग्राहक को इस संबंध में फोन पर जानकारी नहीं मांगी जाती है। बताया कि अपना मोबाइल फोन भी किसी अपरिचित के हाथों में नहीं देना चाहिए, साइबर ठग मोबाइल से भी कई महत्वपूर्ण जानकारी ले लेते हैं। इस दौरान दीप चंद जोशी, प्रताप जोशी, सुरेंद्र सिंह, ब्रह्मानंद, सचिन, संतोष, महेश, रविदत्त, प्रदीप चौहान, मंजीत रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *