कबड्डी में ग्रामीण खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
विकासनगर
खेल महाकुंभ के तहत सोमवार को लांघा न्याय पंचायत की क्रीड़ा प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। राजकीय इंटर कॉलेज लांघा में हो रही प्रतियोगिता के पहले दिन बालक, बालिका वर्ग की कबड्डी के मुकाबले हुए। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला राइंका कटापत्थर और राइंका लांघा के बीच खेला गया, जिसमें राइंका कटापत्थर ने 22-18 के अंतर से जीत दर्ज की। अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में राइंका कटापत्थर और अशोक आश्रम चीलियो की टीम आमने सामने थी। चीलियो ने 35-25 के अंतर मुकाबला जीत कर चैंपियनशिप पर कब्जा किया। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में राइंका कटापत्थर ने 36-28 के अंतर से पपड़ियान को हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में अशोक आश्रम चीलियो ने राइंका कटापत्थर को 28-24 के अंतर से पछाड़ा। बालक वर्ग के मुकाबले में राइंका लांघा की टीम ने 28-25 के अंतर से राइंका कटापत्थर को हराकर न्याय पंचायत स्तर की चैंपियनशिप अपने नाम की। निर्णायक के तौर पर मोहन प्रसाद मिश्रा, दर्शन सिंह कंडारी, अजय कुमार, ममता पंत, नारायण दत्त शर्मा रहे।
