विधिक सेवा प्राधिकरण में दी गई कानूनी जानकारी
रुद्रप्रयाग
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राइंका बसुकेदार में बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में आकर लोगों ने लाभ लिया। सचिव/सिविल जज (सी.डि.) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग रवि रंजन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य विभाग, कृषि, पशुपालन, वन विभाग, समाज कल्याण एवं बाल विकास आदि विभागों द्वारा अपने स्टॉल लगाए गए। साथ ही जन सामान्य को निःशुल्क विभागीय जानकारी दी गई। इसके अलावा जन समस्याओं का निराकरण भी किया गया। सचिव/सिविल जज (सी.डि.) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग रवि रंजन द्वारा शिविर में मौजूद लोगों को कानूनी जानकारी दी गई। बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से अक्षम एवं अक्षमताग्रस्त लोगों को निःशुल्क विधिक सेवा प्रदान करना है। उन्होंने पीसीपीएनडीटी अधिनियम, शिक्षा का अधिकार, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम व पोक्सो अधिनियम की जानकारी दी। इस मौके पर राइंका बसुकेदार के प्रधानाचार्य, रिटेनर अधिवक्ता, तहसीलदार बसुकेदार सहित बाल विकास, कृषि, उद्यान, सहकारिता, चिकित्सा आदि मौजूद थे।
