डीएम बागेश्वर की शिकायत पर चुनाव आयोग ने बैठाई जांच


देहरादून। उपचुनाव में प्रचार के दौरान जिलाधिकारी बागेश्वर द्वारा वामदलों को प्रेस कांफ्रेंस नहीं करने देने के आरोप पर भारत निर्वाचन आयोग ने जांच बैठा दी है। माकपा के राज्य सचिव राजेंद्र सिंह नेगी और भाकपा(माले) के राज्य सचिव, इन्द्रेश मैखुरी ने गत दिनों भारत निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई थी, कि जिला प्रशासन ने उन्हें एक सितंबर को वहां प्रेस वार्ता नहीं करने दी। बाद में अनुमति के लिए यह शर्त लगा दी कि प्रेस वार्ता में जो हमें बोलना है, वो कागज़ पर हाथ से लिख कर देना होगा। वाम दलों की इसी शिकायती पत्र पर भारत निर्वाचन आयोग ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से रिपोर्ट मांगी है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. वी षणमुगम ने बताया कि आयोग की पत्र के आधार पर कुमांऊ कमिश्नर को इसकी जांच सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान भी कांग्रेस ने विधानसभा में दिवंगत मंत्री चंदनराम दास को दी जा रही श्रद्धांजलि का बागेश्वर में सीधा प्रसारण किए जाने पर सवाल उठाए थे, इस प्रकरण पर भी डीएम से रिपोर्ट मांगी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *