मैखंडा व शेरसी में ग्रामीणों का धरना 37वें दिन भी जारी
रुद्रप्रयाग।
केदारघाटी के मैखंडा व शेरसी में ऑलवेदर रोड परियोजना में रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर हुए घटिया निर्माण कार्य की जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन 37वें दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि एनएच द्वारा जिस तरह से कार्य कर क्षेत्रीय लोगों को परेशानियों में डाला गया उसकी गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने और प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा के बाद ही आंदोलन खत्म करने की चेतावनी दी है। आंदोलनकारियों ने शासन, प्रशासन व एनएच के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस मौके पर पूर्व जिपं सदस्य राजाराम सेमवाल, सुमित अग्रवाल, प्रेम लाल सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
