पिथौरागढ़ के 32वरिष्ठ नागरिक बद्रीनाथ धाम रवाना
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में पंडित दीन दयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत सीमांत के 32 वरिष्ठ नागरिक बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना हुए। उक्त दल आगामी शुक्रवार को यात्रा कर वापस जिला मुख्यालय लौटेगा। सोमवार को नगर के चंडाक मार्ग स्थित पर्यटक आवास गृह में डीएम रीना जोशी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को बद्रीनाथ के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संचालित इस योजना के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को नि:शुल्क यात्रा कराई जा रही है। जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य ने बताया कि यात्री दल में 14 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। इससे पूर्व पर्यटक आवास गृह के दिनेश गुरुरानी की पहल पर यात्रियों ने पौधरोपण किया। डीएम रीना ने भी पर्यावरण संरक्षण को एक पौधा रोपा। यहां तहसीलदार पिंकी आर्या समेत अन्य कई लोग शामिल रहे।
