सिर्फ हवाई राजनीति कर रही भाजपा: अरुण चौहान
काशीपुर। कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव अरुण चौहान ने क्षेत्र की बदहाल स्थिति पर कहा है कि भाजपा सरकार बातें ज्यादा और काम कम के मूलमंत्र को अपनाये हुए है। कहा कि सीएम के काशीपुर आगमन पर नगरनिगम ने जनता की गाढ़ी कमाई से लाखों रुपये बर्बाद किए, लेकिन सीएम ने काशीपुर के विकास के लिए एक फूटी कौड़ी की भी घोषणा नहीं की। जबकि लोगों को उम्मीद थी कि आधी आबादी को पानी में डुबोने वाली लक्ष्मीपुर माइनर को लेकर सीएम जरुर कोई घोषणा करेंगे। लेकिन मेयर के अनुरोध पर भी सीएम ने इस पर चुप्पी नहीं तोड़ी। इससे जाहिर है कि काशीपुर के भाजपा नेताओं की अपनी ही सरकार में कोई सुनवाई नहीं है। शहर की जनता जलभराव, खस्ताहाल सड़कों और कचरें के अंबार से जूझ रही है। सीएम के दौरे के चलते दुकानें बंद कराने से भी व्यापारी वर्ग को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
