लोडर मशीन की अनियंत्रित खुदाई से हो रहा भूधंसाव, लोगों में रोष


अल्मोड़ा

 राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वाराहाट मोटरमार्ग पर लोडर मशीन के अनियंत्रित खुदाई करने से लोगों में रोष पनपने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुदाई के कारण उनके नाप खेत भूधसाव के चपेट में आ गए हैं। कहा कि स्थानीय प्रशासन से शिकायत के बावजूद अनदेखी की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रभावितों को न्याय दिलाने की मांग की है। प्रभावितों का कहना है कि अगर कोई गलत कर रहा है तो इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। भूधंसाव की जद में आए जमीन के तीन गांव बमनपुरी, ध्याड़ी, सलालखोला के भूस्वामी सोमवार को तहसील कार्यालय पहुंचे। तहसीलदार के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा गया। इससे पूर्व में 7 नवंबर को भी ज्ञापन भेजा गया था। भूस्वामियों द्वारा गया कहा कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वाराहाट मोटरमार्ग रोड पर लमढूंग क्षेत्र में कुछ लोग खनन कर रहे हैं। जिस कारण बमनपुरी तथा ध्याड़ी के बाशिंदों की जमीन में दरारें आ चुकी हैं। अधिकांश जमीन धस चुकी है। इस खनन के कारण राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वाराहाट मोटरमार्ग भी खतरे की जद में आ चुका है। स्थानीय प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद मामले को अनदेखा किया जा रहा है। तहसीलदार लीना चंद्रा का कहना है कि लोडर मशीन एक दिन चलाने की अनुमति ठेकेदार को दी गई थी। भूमिधरों को नुकसान हुआ है। इसी के मद्देनजर दोनों पक्षों में समझौते की कोशिश की गई। बात नहीं बनी तो अग्रिम कार्रवाई करेंगे। भूस्वामियों ने बिना अनुमति के लोडर मशीन चलाने का भी आरोप लगाया है। प्रभावितों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की हैं। ज्ञापन भेजने वालों में मुन्ना लाल साह, लाल सिंह बिष्ट, हेमंत साह, ललित उपाध्याय, चंपा उपाध्याय, नीमा साह, प्रेमा साह, धाम सिंह शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *