रोडवेज बसों में दिव्यांगों से किराया न वसूला जाए


रुद्रपुर। रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा और पेंशन की मांग को लेकर उत्तराखंड मूक बधिर कल्याण समिति ने काशीपुर आगमन पर सीएम को ज्ञापन दिया है। नगरनिगम सभागार में सीएम को दिए ज्ञापन में समिति के पदाधिकारियों ने कहा है कि उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में दिव्यांगों को नि:शुल्क यात्रा सुविधा का लाभ नहीं दिया जा रहा है। नियमानुसार, दृष्टिहीन, अपदृष्टि, एक अथवा दोनों हाथ पैरों से विकलांग व पैरालाइज पीड़ित को एक सहायक के साथ मुफ्त यात्रा की सुविधा अनुमन्य है। लेकिन रोडवेज बसों के परिचालक उनसे भी किराए की मांग करते हैं और उनसे दिव्यांग प्रमाण पत्र मांगते हैं। बसों में दिव्यागों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया जाता है। ज्ञापन में कहा गया कि कई-कई माह तक दिव्यांगों की पेंशन नही आती। उन्हें बैंकों में चक्कर लगाने के लिए बाध्य होना पड़ता है। समिति ने दिव्यागों की पेंशन बढ़ाकर तीन हजार रुपये किए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में समिति के प्रदेश अध्यक्ष डा.एमए राहुल, रामबाबू, जाकिर हुसैन, गौरव कुमार,अशोक गिरी, असलम, कादिर हुसैन, राशिद, रोहित, मोहित आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *