चिन्हीकरण को लेकर अचिन्हित आंदोलनकारियों ने किया प्रदर्शन
हरिद्वार। चिन्हीकरण न होने से उपेक्षित अचिन्हित आंदोलनकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन भेजकर वंचित राज्य आंदोलनकारियों का शीघ्र चिन्हीकरण करने की मांग की। कहा कि पूर्व में आंदोलनकारियों के आवेदनों की तैयार सूची के आधार को चिन्हीकरण में प्रमुखता दी जाए। आंदोलनकारियों ने जिला प्रशासन की ओर से राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हिकरण के लिए जिला स्तर पर गठित 10 सदस्य आंदोलनकारी समिति के सदस्यों पर पक्षपात और भाई भतीजावाद का आरोप लगाया। कहा कि कमेटी के सदस्यों में से जिसके भी परिवार के दो सदस्यों से ज्यादा का चिन्हिकरण राज्य आंदोलनकारी के रूप में हुआ है, उनसे एक शपथ पत्र लेकर उनकी जांच करा कर कमेटी से बाहर किया जाए। साफ सुथरी कमेटी का पुनर्गठन किया जाए। जिससे भविष्य में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण के कार्य में भेदभाव ना होने पाए। धरना प्रदर्शन में सरिता पुरोहित, मंजू डोभाल, शेला कैंतूरा, बसंती देवी खरोला, मंजू लोहनी, मीरा रतूड़ी, चंद्रावती , सरला नेगी, साधना नवानी, राधा बिष्ट, शमशेर खान, हेमराज सैनी, धर्मपाल भारती, सूर्यकांत भट्ट, राजेश गुप्ता, आरपी जखमोला, सतीश जैन, मोहन सिंह रावत, डीपी रतूड़ी, रामदेव मौर्य आदि शामिल रहे।
