दूधली में मिला आमवाला नाले में बही दूसरी बच्ची का शव

देहरादून। सौंधोवाली आमवाला में नाले में बही दो बहनों में दूसरी बच्ची का शव तीसरे दिन दूधली क्षेत्र में बरामद हुआ। मौके पर बच्ची के परिजनों को बुलाया गया। उन्होंने शिनाख्त की तो शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। आमवाला में सहस्रधारा अपार्टमेंट के पास नाले किनारे बस्ती है। इसमें बीते करीब एक साल से सुनील मूल निवासी बिहार का परिवार रहता है। सुनील दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसकी दो बेटियां खुशी (8) और रचना (6) बुधवार दोपहर में बारिश के दौरान घर के बाहर नहा रही थी। घर के सामने से नाला गुजरता है। उसमें तेज बहाव आया। इसमें दोनों बहनें बह गई थीं। दोनों की तलाश शुरू की गई। घटना के बाद खुशी का शव घटनास्थल से करीब 750 मीटर नीचे बरामद कर लिया गया था। रचना का पता नहीं लग पाया। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि दूधली नगला ज्वालापुर के पास एक बच्ची का शव नदी से बरामद हुआ है। जो पहचानने में नहीं आ रही है। रचना के परिजनों को मौके पर बुलाया गया। रचना के मामा लाल बाबू ने उसकी शिनाख्त की। सुनील मूलरूप से दरभंगा, बिहार का रहने वाला है। दून में परिवार के साथ रहकर वह मजदूरी करता है। दंपति की दो बेटियां थीं। दोनों नाले में आए उफान की भेंट चढ़ गई हैं। हादसे के बाद दंपति गहरे सदमे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *