फांसी के फंदे से झूला व्यापारी


हल्द्वानी। रामपुर रोड पर रहने वाले एक व्यापारी ने अज्ञात कारणों से फंदे पर लटककर जान दे दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक भास्कर उपाध्याय (32) पुत्र लीलाधर उपाध्याय निवासी चांदनी चौक देवलचौड़ की घर से लगे एक कमरे में दुकान थी। रोज वह रात को दुकान में ही सोता था। भाई देवेंद्र उपाध्याय ने बताया कि रविवार रात भी भास्कर खाना खाने के बाद दुकान में सोने चला गया। सुबह भाई दूध लेने पहुंचा तो दुकान बंद मिली। शटर खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। पिछले वाले दरवाजे को देखा तो वह भी बंद मिला। भाई वापस घर पहुंचा और शटर की चाबी ले आया। ताला खोलकर देखा तो अंदर भास्कर का शव गमछे से लटका हुआ मिला। भास्कर के आत्महत्या करने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि भास्कर ने क्यों आत्महत्या की, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *