कोरोना के चार नए मरीज मिले, जिला अस्पताल में प्रवेश पर सख्ती


पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में कोरोना के चार नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद जिला अस्पताल व महिला अस्पताल में सख्ती और बढ़ा दी गई है। कोरोना एडवाजयरी के पालन के लिए कड़े निर्देश पीएमएस ने जारी किए हैं। बिना मास्क के किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं देने को कहा गया है।   6 माह बाद जनपद में 12 अप्रैल को एक संक्रमण का मामला सामने आया था। अब चार नए मामले सामने आए हैं। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ. जेएस नबियाल ने बताया कि सभी को कोविड एडवाजयरी का पालन करते हुए होम आइसोलेशन में रखा गया है। फिलहाल सभी की हालत सही है। उन्होंने कहा कि लगातार कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन यहां आ रहे रोगियों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। कहा कि पूर्व में ही 11 अप्रैल को एक आदेश जारी कर अस्पताल में बिना मास्क के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गये हैं। शनिवार को अस्पताल में पर्ची काउंटर से लेकर ओपीडी में खड़े कई लोग मास्क पहने नजर आए। अस्पताल के मुख्य गेट पर सुरक्षा कर्मी ने सभी आने वालों को मास्क पहने बिना प्रवेश नहीं करने के नियम की जानकारी भी दी। जनपद मुख्यालय में अब भी सार्वजनिक स्थानों में लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं। जिससे देश में बढ़ते मामलों के बीच सीमांत में भी संक्रमण का खतरा बना हुआ है।
महिला अस्पताल में भी मास्क पहनना किया अनिवार्य
पीएमएस जेएस नबियाल ने कहा है कि अब महिला अस्पताल में भी बिना मास्क के किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने अस्पताल के स्टाफ को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। कहा कि गर्भवती माताओं व नवजात शिशुओं को इस संक्रमण से बचाने के लिए सभी कोरोना एडवायजरी का पालन करें। बिना मास्क के किसी को प्रवेश नहीं दिया जाए। इसके साथ ही सामाजिक दूरी व सेनेटाइजेशन का ध्यान रखने के भी उन्होंने निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *