मकान निर्माण का एग्रीमेंट कर आईटीबीपी इंस्पेक्टर से ठगी



देहरादून। आईटीबीपी में तैनात इंस्पेक्टर के मकान निर्माण की डील कर ठेकेदार और उसके बेटे ने 4.47 लाख रुपये हड़प लिए। आरोप है कि मौके से दो लाख रुपये की ईंट, सीमेंट और सरिया भी चोरी किया गया। इंस्पेक्टर की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ वसंत विहार थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। इंस्पेक्टर वसंत विहार होशियार सिंह पंखोली ने बताया कि आईटीबीपी में तैनात इंस्पेक्टर विजय प्रकाश की तहरीर पर आसिफ निवासी मेहूंवाला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि उन्होंने मकान बनाने का एग्रीमेंट आसिफ के पिता मोहम्मद अली से किया। एग्रीमेंट होने पर आसिफ ने निर्माण का काम शुरू कर दिया। कहा कि सितंबर 2021 में उनके मकान का लेंटर पड़ा। अक्तूबर 2021 में आसिफ की पत्नी और बच्चा बीमार पड़ गया। बीमारी के उपचार के नाम पर वह इंस्पेक्टर से अलग-अलग तिथियों पर 4.47 लाख लेकर गया। जिन्हें काम में एडजस्ट करने या वापस करने की बात कही। आरोप है कि रकम लेने के बाद उसने निर्माण शुरू नहीं किया और घर से गायब है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने मौके से करीब दो लाख रुपये की निर्माण सामग्री भी चोरी की। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *