बाजार में खड़े दुपहिया वाहनों को उठाने का विरोध


देहरादून। पलटन बाजार के पास राजीव गांधी कंपलेक्स के आगे खड़े वाहनों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई का व्यापारियों ने विरोध किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सड़क किराने खड़े वाहनों को उठाकर ले जाती है, जिससे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रविवार को व्यापारियों की बैठक में महानगर कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुनील कुमार बागा ने कहा कि पूर्व में एसएसपी से हुई बैठक में पार्किंग के लिए मिशन स्कूल में जगह दिलवाने के लिए बात की थी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी कंपलेक्स के आगे गाड़ियां इसलिए खड़ी की जाती हैं, क्योंकि बाजार में कहीं भी पार्किंग नहीं है। लेकिन ट्रैफिक पुलिस की ओर से गाड़ियों को उठाया जा रहा है, जिससे व्यापारियों में रोष है। उन्होंने कहा कि लोग बाजार सामान खरीदने के लिए आते हैं और उन्हें 900 रुपये तक जुर्माना देकर अपनी गाड़ियां छुड़वानी पड़ती हैं। ऐसे में लोग बाजार नहीं आते, जिससे व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस से मांग की कि राजीव गांधी कॉप्लेक्स के बाहर खड़े वाहनों को न उठाया जाए। मौके पर सुरेश गुप्ता, अरुण कोहली, राजेश मित्तल, प्रवीन बांगा, राहुल मेहंदी, राम कपूर, शेखर कपूर, चमन लाल, राजेंद्र सिंह, विशाल खेड़ा आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *